खेल और युवा कल्याण विभाग के तत्वाधान में श्रीमंत माधवराव सिंधिया जिला खेल परिसर, शिवपुरी में इंटर स्कूल अंडर-14 बालक एवं बालिका वर्ग की ‘डायरेक्टर कप’ फुटबॉल प्रतियोगिता का आयोजन दिनांक 30 सितम्बर 2026 से किया जा रहा है। प्रतियोगिता प्रतिदिन प्रातः 8.30 बजे से 10.30 बजे तक आयोजित की जाएगी।
12 स्कूलों की टीमें दिखाएंगी प्रतिभा खेल एवं युवा कल्याण अधिकारी डॉ.के.के.खरे ने बताया कि प्रतियोगिता के सफल संचालन हेतु जिले के प्रमुख विद्यालयों की फुटबॉल टीमों को आमंत्रित किया गया है। इस स्पर्धा में जिले के कुल 12 प्रमुख स्कूलों ने अपनी रुचि दिखाते हुए पंजीयन कराया है। प्रत्येक प्रतिभागी स्कूल की टीम में 16 बालक एवं 16 बालिका खिलाड़ियों का चयन संबंधित विद्यालयों के माध्यम से किया गया है।
उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को मिलेगा बड़ा मंच प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन कर शीर्ष पर रहने वाली विजेता स्कूल टीम को ‘डायरेक्टर कप ट्रॉफी’ प्रदान कर पुरस्कृत किया जाएगा। इसके साथ ही प्रतियोगिता के दौरान प्रतिभावान खिलाड़ियों का चयन भी किया जाएगा, जिन्हें आगामी दिसम्बर/जनवरी माह में आयोजित होने वाले ‘एम.पी. गेम्स’ में भाग लेने का अवसर प्राप्त होगा।