श्योपुर जिले के ग्राम बरगवा की 6 वर्षीय नेत्रहीन बालिका रागिनी जाटव का आधार कार्ड आखिरकार बन गया है। आधार न होने से उसके लिए दिव्यांग पेंशन जैसी योजना का लाभ पाने की प्रक्रिया आगे नहीं बढ़ पा रही थी।
जनसंवाद में सामने आई थी परेशानी
रागिनी के आधार से जुड़ी समस्या ग्राम बरगवा में कलेक्टर शीला दाहिमा की अध्यक्षता में हुए जनसंवाद कार्यक्रम के दौरान सामने आई थी। यह कार्यक्रम मुख्यमंत्री जनविश्वास अभियान के तहत आयोजित किया गया था।
मामला सामने आने के बाद ई-गवर्नेंस के माध्यम से जरूरी प्रक्रिया पूरी की गई। बायोमैट्रिक फिंगर के आधार पर बालिका का आधार कार्ड तैयार किया गया है।
यूडीआईडी बनाने का काम जारी
रागिनी की यूडीआईडी बनाने की प्रक्रिया अभी चल रही है। आधिकारिक जानकारी के अनुसार यूडीआईडी बनने के बाद उसे दिव्यांग पेंशन का लाभ मिलने लगेगा।
बावडीचापा में भी आधार संबंधी समाधान
ग्राम बावडीचापा में कलेक्टर की अध्यक्षता में हुई जनसुनवाई के दौरान मिली आधार संबंधी समस्याओं का भी समाधान किया गया। वहां शिविर में 7 लोगों के आधार अपडेट किए गए और 6 लोगों के नए आधार कार्ड बनाए गए।
