जिले में उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारी-कर्मचारियों के प्रयासों को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से कलेक्टर श्रीमती नेहा मीना की पहल पर शुरू की गई ‘एम्प्लॉयी ऑफ द मंथ’ सम्मान की पहल के तहत सितंबर माह में उत्कृष्ट कार्य करने वाले पटवारी एवं कनिष्ठ तकनीकी अधिकारी को सम्मानित किया गया। दोनों कर्मचारियों ने अपने-अपने दायित्वों का निष्ठा एवं जिम्मेदारी के साथ निर्वहन करते हुए उल्लेखनीय कार्य किया है।
सितंबर माह के लिए तहसीलदार कार्यालय, सिवनी में पदस्थ पटवारी श्रीमती सुनीता सनोडिया को फार्मर रजिस्ट्री के कार्य में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए ‘एम्प्लॉयी ऑफ द मंथ’ सम्मान से सम्मानित किया गया। श्रीमती सनोडिया द्वारा उपलब्ध 1017 बकेट में से 605 बकेट क्लियर किए गए, जो कुल 59.39 प्रतिशत है। फार्मर रजिस्ट्री से संबंधित कार्य में उनके द्वारा जिले में उल्लेखनीय कार्य किया गया।
इसके साथ ही उन्होंने अपने दायित्वों का पूर्ण निष्ठा एवं ईमानदारी के साथ निर्वहन किया। इसी क्रम में दक्षिण सिवनी वनमंडल में पदस्थ कनिष्ठ तकनीकी अधिकारी श्री कमलकिशोर चौधरी को वन विभाग से संबंधित विभिन्न महत्वपूर्ण कार्यों के प्रभावी संपादन के लिए सम्मानित किया गया।
श्री चौधरी द्वारा वन भू-अभिलेख से संबंधित कार्यों के साथ वन संरक्षण अधिनियम (एफसीए) के प्रकरणों, परिवेश पोर्टल, वन अधिकार अधिनियम (एफआरए) के प्रकरणों, वन व्यवस्थापन संबंधी पत्राचार तथा वन एवं राजस्व सीमा विवादों के निराकरण से संबंधित कार्यों का दायित्वपूर्ण ढंग से निर्वहन किया गया।
उन्होंने वनग्राम, हेमर रख-रखाव, एफआरए के तहत प्राप्त गैर-वन भूमि की अधिसूचना प्रकाशन, खनिज प्रकरण, एनओसी पोर्टल, अतिक्रमण प्रकरण, स्टोर रिटर्न तथा प्रधानमंत्री ग्रामीण सड़क योजना एवं मुख्यमंत्री ग्रामीण सड़क योजना से संबंधित प्रकरणों पर भी कार्य किया। इसके अतिरिक्त भूमिगत ओएफसी लाइन एवं पेयजल पाइपलाइन, कार्य आयोजना क्रियान्वयन, एमएस कार्ड, एमएस एक्सेल, ऑनलाइन परिवेश पोर्टल एवं वन विभाग के भू-अभिलेख से संबंधित विभिन्न पोर्टलों पर भी कार्य किया गया।
कलेक्टर श्रीमती नेहा मीना ने कहा कि प्रशासन की कार्यक्षमता और जनसेवा की गुणवत्ता को बेहतर बनाने में मैदानी स्तर पर कार्य करने वाले अधिकारी-कर्मचारियों की महत्वपूर्ण भूमिका है। उत्कृष्ट कार्य करने वाले कर्मचारियों के प्रयासों को पहचान और प्रोत्साहन देने से उनका मनोबल बढ़ता है तथा अन्य कर्मचारियों को भी बेहतर कार्य के लिए प्रेरणा मिलती है।
उन्होंने कहा कि ‘एम्प्लॉयी ऑफ द मंथ’ पहल के माध्यम से जिले में उत्कृष्ट कार्य संस्कृति, जवाबदेही और सकारात्मक प्रतिस्पर्धा को बढ़ावा दिया जा रहा है। प्रत्येक माह विभिन्न विभागों के ऐसे अधिकारी-कर्मचारियों का चयन कर सम्मानित किया जाएगा, जिन्होंने अपने दायित्वों का निष्ठा एवं समर्पण के साथ निर्वहन करते हुए उल्लेखनीय परिणाम दिए हैं।
इस अवसर पर अपर कलेक्टर श्री नीलमणि अग्निहोत्री, अनुविभागीय अधिकारी राजस्व श्री प्रशांत उइके सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
