अनंत चतुर्दशी के पावन अवसर पर केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने अपने निज निवास ‘मामा के घर’ पर विराजमान भगवान श्री गणेश जी की प्रतिमा का विधि-विधान और भक्तिभाव के साथ प्रेमपुरा घाट पर विसर्जन किया। शिवराज सिंह चौहान, शाम करीब 4 बजे अपने परिवार के साथ ‘मामा के घर’ से भगवान श्री गणेश जी की प्रतिमा को लेकर प्रेमपुरा घाट के लिए रवाना हुए। इस दौरान रास्ते भर श्रद्धालुओं के साथ ‘गणपति बप्पा मोरया’ अगले बरस तू जल्दी आ के जयघोष से वातावरण भक्तिमय बना रहा।

प्रेमपुरा घाट पहुंचने के बाद केंद्रीय कृषि मंत्री ने भगवान श्री गणेश जी की विधि-विधान से पूजा-अर्चना की और आरती कर विघ्नहर्ता को भावपूर्ण विदाई दी। इसके बाद श्रद्धा और आस्था के साथ गणेश प्रतिमा का विसर्जन किया गया। इस अवसर पर शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि दस दिनों तक पूरे देश, प्रदेश और गली-मोहल्लों में भगवान श्री गणेश विराजमान रहे। चारों ओर भक्ति और उल्लास का वातावरण रहा और गणेश उत्सव की धूम रही।

अनंत चतुर्दशी के अवसर पर आज गणपति बप्पा को भावुक मन से विदाई दी जा रही है। उन्होंने कहा कि विघ्नहर्ता भगवान श्री गणेश से मेरी यही प्रार्थना है कि वो सभी पर अपनी कृपा बनाए रखें। सभी सुखी रहें, निरोग रहें और भगवान श्री गणेश सबका कल्याण करें।