सेवा संकल्प अभियान-2026 के अंतर्गत “विकसित भारत एवं 25 वर्षों के सेवा कार्य” विषय पर विकासखंड स्तरीय चित्रकला एवं भाषण प्रतियोगिता का आयोजन शासकीय सांदीपनि उच्चतर माध्यमिक विद्यालय क्रमांक-2, मुरैना में किया गया। प्रतियोगिता में 45 विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुए अपने विचारों, शब्दों और रंगों के माध्यम से वर्ष 2047 के विकसित भारत की कल्पना को रचनात्मक एवं प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि सांसद श्री शिवमंगल सिंह तोमर रहे एवं अध्यक्षता जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती आरती गुर्जर ने की। इस अवसर पर मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत श्री कमलेश कुमार भार्गव,पूर्व विधायक श्री राकेश मावई, एवं जिला संयोजक सेवा संकल्प अभियान श्री प्रताप गुर्जर उपस्थित रहे। अतिथियों ने विद्यार्थियों की प्रतिभा एवं रचनात्मकता की सराहना करते हुए उनका उत्साहवर्धन किया।
सांसद श्री शिवमंगल सिंह तोमर ने विद्यार्थियों की प्रतिभा की सराहना करते हुए कहा कि विद्यार्थी देश का भविष्य हैं। आज उनके मन में विकसित भारत को लेकर जो सपने और विचार आकार ले रहे हैं, वही आने वाले समय में राष्ट्र निर्माण की दिशा तय करेंगे। उन्होंने विद्यार्थियों से शिक्षा के साथ सेवा, सामाजिक सरोकारों और राष्ट्र निर्माण के कार्यों में सक्रिय सहभागिता करने का आह्वान किया। जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती आरती गुर्जर ने भी विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन करते हुए उनकी रचनात्मक प्रतिभा की सराहना की।
प्रतियोगिता में चित्रकला के 26 एवं भाषण के 19 विद्यार्थियों ने भाग लिया। भाषण प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने विकसित भारत की संकल्पना, राष्ट्र निर्माण में युवाओं की भूमिका तथा आगामी 25 वर्षों में सेवा एवं सामाजिक दायित्वों के महत्व पर अपने विचार व्यक्त किए। विद्यार्थियों ने अपने वक्तव्यों के माध्यम से बताया कि विकसित भारत का सपना केवल आर्थिक प्रगति तक सीमित नहीं है, बल्कि इसमें शिक्षा, स्वच्छता, आत्मनिर्भरता, सामाजिक समरसता और नागरिकों की सक्रिय सहभागिता भी महत्वपूर्ण है।
चित्रकला प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने रंगों के माध्यम से अपने सपनों के भारत को साकार किया। उनकी चित्रकृतियों में स्वच्छ, आत्मनिर्भर, सशक्त और विकसित भारत की कल्पना के साथ पर्यावरण संरक्षण, शिक्षा, तकनीकी प्रगति और राष्ट्र निर्माण के विभिन्न आयाम दिखाई दिए। विद्यार्थियों की प्रस्तुतियों ने यह संदेश दिया कि विकसित भारत की कल्पना आज की युवा पीढ़ी के सपनों और संकल्पों से जुड़ी हुई है।
भाषण प्रतियोगिता में कु. मान्यता शेमिल ने प्रथम, कु. पारुल शर्मा ने द्वितीय एवं कु. गौरी शर्मा ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। इसी प्रकार चित्रकला प्रतियोगिता में कु. सृष्टि कुशवाह ने प्रथम, कु. खुशबू ने द्वितीय एवं कु. शिवानी ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।
प्रतियोगिता का आयोजन विकासखंड शिक्षा अधिकारी श्री राजेंद्र सिकरवार के मार्गदर्शन में किया गया। कार्यक्रम में विद्यार्थी, शिक्षक एवं संबंधित अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।
