कटनी (23 सितंबर) - शासकीय कन्या महाविद्यालय, कटनी में सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत “मेरे सपनों का भारत” विषय पर पोस्टर एवं भाषण प्रतियोगिता आयोजित की गई। कार्यक्रम प्राचार्य डॉ. चित्रा प्रभात के निर्देशन एवं राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) प्रभारी डॉ. शिल्पी सिंह के संयोजन में हुआ। प्रतियोगिताओं में केंद्र सरकार की महिला हितैषी योजनाओं और महिला सशक्तिकरण को प्रमुखता से शामिल किया गया।

पोस्टर प्रतियोगिता में छात्राओं ने महिला शिक्षा, आत्मनिर्भरता, स्वरोजगार, सुरक्षा, स्वास्थ्य, समान अवसर और महिला सशक्तिकरण जैसे विषयों पर आकर्षक एवं संदेशपरक पोस्टर बनाए। प्रतियोगिता में प्रथम स्थान मेघा, द्वितीय स्थान तनिशा सोनखरे, भूमि बैरागी एवं रूकमणी लोधी तथा तृतीय स्थान मनीषा अहिरवार, नैनशी पटेल एवं साक्षी चक्रवर्ती ने प्राप्त किया।

“मेरे सपनों का भारत” विषय पर आयोजित भाषण प्रतियोगिता में छात्राओं ने महिला सशक्तिकरण, शिक्षा, आत्मनिर्भरता, सामाजिक समानता और राष्ट्र निर्माण में महिलाओं की भूमिका पर विचार व्यक्त किए। प्रतियोगिता में प्रथम स्थान रशिका राज, द्वितीय स्थान रेशमा पासी और तृतीय स्थान सृष्टि सेन ने प्राप्त किया।

कार्यक्रम के माध्यम से छात्राओं को महिलाओं के हित में संचालित शासकीय योजनाओं की जानकारी प्राप्त करने तथा उनके संबंध में समाज में सकारात्मक संदेश प्रसारित करने के लिए प्रेरित किया गया। प्राचार्य डॉ. चित्रा प्रभात ने कहा कि ऐसी प्रतियोगिताएँ छात्राओं की प्रतिभा को मंच देने के साथ उनमें सामाजिक जागरूकता, आत्मविश्वास और राष्ट्र निर्माण की भावना को मजबूत करती हैं।

एनएसएस प्रभारी डॉ. शिल्पी सिंह ने छात्राओं को सामाजिक सरोकारों से जुड़कर सेवा एवं जागरूकता गतिविधियों में निरंतर सहभागिता के लिए प्रेरित किया।