पंचायत उप निर्वाचन (पूर्वार्द्ध) 2026 के अंतर्गत जिला पंचायत सदस्य पद हेतु राणापुर के वार्ड क्रमांक 06 तथा जनपद पंचायत थांदला अंतर्गत ग्राम पंचायत पलासडोर के सरपंच पद के लिए 29 सितम्बर को मतदान संपन्न होगा। मतदान के उपरांत 3 अक्टूबर को आयोजित होने वाली मतगणना को सुव्यवस्थित, पारदर्शी एवं त्रुटिरहित रूप से संपन्न कराने के उद्देश्य से शनिवार को मतगणना दलों का प्रशिक्षण आयोजित किया गया।

प्रशिक्षण में मतगणना कार्य के लिए नियुक्त गणना पर्यवेक्षकों एवं गणना सहायकों ने सहभागिता की। दोनों निर्वाचन क्षेत्रों की मतगणना के लिए नियुक्त कुल 80 अधिकारी-कर्मचारियों को मतगणना की संपूर्ण प्रक्रिया के संबंध में विस्तारपूर्वक प्रशिक्षण दिया गया।

प्रशिक्षण के प्रथम चरण में मतगणना के दौरान उपयोग में आने वाले आवश्यक प्रपत्रों एवं दस्तावेजों, मतगणना संबंधी प्रक्रिया तथा आवश्यक सावधानियों के संबंध में जानकारी दी गई। इसके पश्चात मशीन के माध्यम से व्यावहारिक प्रदर्शन करते हुए मतगणना की चरणबद्ध प्रक्रिया समझाई गई। प्रशिक्षणार्थियों को मतगणना के दौरान निर्धारित प्रक्रिया का पालन करने तथा प्रत्येक कार्य को पूरी सावधानी और जिम्मेदारी के साथ संपादित करने के संबंध में भी आवश्यक मार्गदर्शन दिया गया।

प्रशिक्षण उप जिला निर्वाचन अधिकारी श्री विजय मंडलोई की उपस्थिति में आयोजित किया गया। मास्टर ट्रेनर श्री संतोष तिवारी, श्री हरीश कुंडल, श्री अजय कुशवाहा एवं श्री मनीष पंवार द्वारा गणना पर्यवेक्षकों एवं गणना सहायकों को सैद्धांतिक एवं व्यावहारिक प्रशिक्षण प्रदान किया गया।