जिला पंचायत एवं राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन के तत्वावधान में 17 सितंबर को ‘नमो युवा शक्ति’ खेलकूद प्रतियोगिता एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम का जिला स्तरीय आयोजन संभागीय हाट में किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती आशा मुकेश गोटिया की उपस्थिति में हुआ।
प्रतियोगिता में युवाओं के उत्साहवर्धन के लिए रस्साकशी, कबड्डी और बोरी दौड़ जैसी पारंपरिक खेल स्पर्धाएं आयोजित की गईं। वहीं स्व-सहायता समूहों की महिला सदस्यों ने सामूहिक संगीत एवं सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर कार्यक्रम में रंग भर दिया।
कार्यक्रम के दौरान ‘लखपति दीदी’ ने अपनी सफलता की कहानी साझा की। उन्होंने आत्मनिर्भरता की दिशा में किए गए प्रयासों और उपलब्धियों की जानकारी देते हुए अन्य महिलाओं को भी आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।
प्रतियोगिताओं में प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभावान युवाओं को पुरस्कार प्रदान कर उनका उत्साहवर्धन किया गया। इस अवसर पर जिला परियोजना प्रबंधक, आजीविका मिशन सहित जिला एवं विकासखंड स्तर के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।
