मध्यप्रदेश शासन के पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग के निर्देशानुसार जिले में जल गंगा संवर्धन अभियान 2026-27 का शुभारंभ किया गया है। 15 नवंबर 2026 से 30 जून 2027 तक संचालित होने वाले इस अभियान के तहत जिले की प्रत्येक ग्राम पंचायत में जल संरक्षण एवं संवर्धन के कार्य कराए जाएंगे। अभियान का प्रमुख उद्देश्य भूजल स्तर में वृद्धि, वर्षा जल का अधिकतम संचयन तथा ग्रामीण क्षेत्रों में जल स्रोतों की स्थायित्व सुनिश्चित करना है।
मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत सीधी सौम्या आनंद ने बताया कि अभियान के अंतर्गत जिले की समस्त ग्राम पंचायतों में जनसहभागिता के साथ जल संरक्षण के कार्य प्राथमिकता से किए जाएंगे। अभियान को जन आंदोलन का स्वरूप देते हुए ग्राम पंचायतों, जनप्रतिनिधियों, ग्रामीणों एवं संबंधित विभागों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी।
उन्होंने बताया कि अभियान के तहत नवीन तालाब एवं अन्य जल संरक्षण संरचनाओं का निर्माण, पूर्व निर्मित तालाबों एवं चेकडेम का जीर्णोद्धार, जल संरचनाओं की गाद निकासी, अनुपयोगी बोरवेल को रिचार्ज वेल के रूप में विकसित करने जैसे कार्य किए जाएंगे। इसके साथ ही खेत तालाबों का निर्माण, अमृत सरोवर के अपूर्ण कार्यों को पूर्ण करने तथा पेयजल स्रोतों की स्थायित्व के लिए रिचार्ज संरचनाओं का निर्माण किया जाएगा। पारंपरिक जल स्रोतों के पुनर्जीवन एवं पौधरोपण की तैयारियों पर भी विशेष ध्यान दिया जाएगा।
अभियान के कार्यों का क्रियान्वयन वीबी-जी राम जी योजना, प्रधानमंत्री कृषि सिंचाई योजना-वाटरशेड विकास, वित्त आयोग की राशि एवं अन्य उपलब्ध संसाधनों के अभिसरण से किया जाएगा। इसके अतिरिक्त सांसद एवं विधायक निधि, कॉर्पोरेट सामाजिक उत्तरदायित्व (सीएसआर) तथा जनसहयोग से भी संसाधन जुटाए जाएंगे। तालाबों एवं चेकडेम की गाद निकासी जैसे कार्यों में जनभागीदारी को प्रोत्साहित किया जाएगा।
मुख्य कार्यपालन अधिकारी ने समस्त मुख्य कार्यपालन अधिकारी जनपद पंचायत, ग्राम पंचायतों के सरपंच एवं सचिवों को निर्देशित किया है कि अभियान के अंतर्गत ग्राम पंचायतवार कार्ययोजना तैयार कर निर्धारित समयसीमा में कार्य प्रारंभ एवं पूर्ण कराएं। सभी कार्यों में गुणवत्ता, पारदर्शिता एवं नियमित मॉनिटरिंग सुनिश्चित की जाए।
उन्होंने जिले के नागरिकों, जनप्रतिनिधियों, सामाजिक संगठनों एवं युवाओं से अभियान में सक्रिय सहभागिता की अपील करते हुए कहा कि जल संरक्षण केवल शासन का नहीं, बल्कि समाज के प्रत्येक व्यक्ति का सामूहिक दायित्व है। वर्षा जल की प्रत्येक बूंद को सहेजकर और पारंपरिक जल स्रोतों का संरक्षण कर ही आने वाली पीढ़ियों के लिए जल संसाधनों को सुरक्षित रखा जा सकता है।