विजयादशमी के पावन पर्व पर पॉलिटेक्निक ग्राउंड शहडोल में रावण दहन कार्यक्रम का आयोजन किया गया। मंच पर रामलीला कार्यक्रम की प्रस्तुति सोहागपुर रामलीला मंडली द्वारा दी गई। कार्यक्रम में सांसद श्रीमती हिमाद्री सिंह एवं जयसिंहनगर विधायक श्रीमती मनीषा सिंह ने उपस्थित जनसमूह को विजयादशमी की शुभकामनाएं दीं। जनप्रतिनिधियों ने भगवान श्रीराम के आदर्शों को जीवन में अपनाने, बुराई पर अच्छाई की विजय और भारतीय परंपराओं एवं संस्कृति को सहेजकर रखने का संदेश दिया।
सांसद श्रीमती हिमाद्री सिंह ने विजयादशमी की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि विजयादशमी केवल रावण दहन का पर्व नहीं, बल्कि यह अपने भीतर की बुराइयों, अहंकार और नकारात्मक विचारों को समाप्त करने की प्रेरणा भी देता है। हमें भगवान श्रीराम के आदर्शों को अपनाते हुए अपनी संस्कृति और परंपराओं को आगे बढ़ाना चाहिए। उन्होनेे कहा कि बुराई बहुत दिनों तक नहीं टिकती। एक न एक दिन बुराई का अंत अवश्य होता है। हमारी परंपराओं और संस्कृति में ऐसे संदेश समाहित हैं, जिन्हें हमें आने वाली पीढ़ी तक पहुंचाना चाहिए। उन्होंने कहा कि आज मंच पर सोहागपुर रामलीला मंडली को देखकर प्रसन्नता होती है, जो वर्षों से अपनी परंपरा को जीवंत बनाए हुए है। पीढ़ी दर पीढ़ी इस परंपरा को आगे बढ़ाकर मंडली के सदस्य हमारी सांस्कृतिक विरासत को सहेजने का महत्वपूर्ण कार्य कर रहे हैं। इस तरह के आयोजन समाज को अपनी संस्कृति और परंपराओं से जोड़ते हैं तथा नई पीढ़ी को हमारी सांस्कृतिक धरोहर से परिचित कराते हैं।
विधायक श्रीमती मनीषा सिंह ने कहा कि विजयादशमी का पर्व हमें सत्य की असत्य पर और धर्म की अधर्म पर विजय का संदेश देता है। मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान श्रीराम के आदर्शों को यदि हम अपने जीवन में उतारें, तो निश्चित रूप से अपने परिवार और समाज में संस्कारों को मजबूत कर सकते हैं। आज के समय में परिवारों में संस्कार, आपसी सद्भाव और नैतिक मूल्यों को बनाए रखना अत्यंत आवश्यक है।
उन्होंने कहा कि भगवान श्रीराम ने रावण का वध कर बुराई पर अच्छाई की विजय स्थापित की। रावण बुद्धिमान और ज्ञानवान होने के बावजूद अहंकार से ग्रसित था। भगवान श्रीराम के जीवन से हमें सीख मिलती है कि ज्ञान और सामर्थ्य के साथ विनम्रता तथा मर्यादा का होना भी जरूरी है। अहंकार व्यक्ति के पतन का कारण बनता है, जबकि सत्य, सदाचार और धर्म के मार्ग पर चलकर जीवन को सार्थक बनाया जा सकता है।
विधायक श्रीमती मनीषा सिंह ने कहा कि मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान श्रीराम हम सभी के प्रेरणास्रोत और आदर्श हैं। उनके जीवन के आदर्शों को आत्मसात कर हम अपने परिवार, समाज और आने वाली पीढ़ियों को संस्कारित बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं।
इस अवसर पर नगरपालिका अध्यक्ष श्री घनश्याम जायसवाल ने भी उपस्थित जनसमूह को विजयादशमी की शुभकामनाएं दी।
पॉलिटेक्निक ग्राउंड में आयोजित रावण दहन कार्यक्रम ने उपस्थित जनसमूह को सत्य, धर्म, सदाचार और सामाजिक संस्कारों का संदेश दिया। कार्यक्रम लकी चतुर्वेदी की टीम द्वारा सांस्कृतिक गीतों की प्रस्तुती भी दी गई। कार्यक्रम में सीईओ जिला पंचायत श्री शिवम प्रजापति, अपर कलेक्टर श्री सरोधन सिंह, डीएफओ तरूणा वर्मा, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री अभिषेक दीवान, एसडीएम सोहागपुर श्रीमती अमृता गर्ग, नगरपालिका उपाध्यक्ष श्री प्रवीण शर्मा डोली, जिला योजना समिति श्रीमती अमिता चपरा, समाज सेवी श्री अजय अवस्थी, मुख्य नगर पालिका अधिकारी श्री अमित तिवारी, श्री संतोष लोहानी सहित पार्षदगण सहित काफी संख्या में लोग उपस्थित रहे।
