कलेक्टर श्रीमती नेहा मीना के निर्देशानुसार तथा उपसंचालक कृषि, सिवनी एवं परियोजना संचालक, आत्मा, सिवनी के मार्गदर्शन में कृषि विस्तार सुधार कार्यक्रम (आत्मा) के अंतर्गत विकासखंड धनौरा के ग्राम कुड़ारी में कृषकों के लिए समूह क्षमता वर्धन प्रशिक्षण आयोजित किया गया।प्रशिक्षण के दौरान किसानों को नरवाई प्रबंधन, प्राकृतिक खेती, मृदा स्वास्थ्य संरक्षण, जल संरक्षण, कम पानी चाहने वाली रबी फसलों तथा फसल विविधीकरण के संबंध में जानकारी प्रदान की गई। किसानों को बताया गया कि नरवाई जलाने से मिट्टी की उर्वरता कम होती है, लाभकारी सूक्ष्मजीव नष्ट होते हैं तथा पर्यावरण को नुकसान पहुंचता है। इसलिए नरवाई नहीं जलाने एवं फसल अवशेषों का उचित प्रबंधन करने की सलाह दी गई।कृषकों को सुपर सीडर, हैप्पी सीडर, मल्चर जैसे कृषि यंत्रों तथा जैव अपघटक के उपयोग की जानकारी दी गई। साथ ही प्राकृतिक खेती अपनाने, कम लागत में उत्पादन बढ़ाने तथा मिट्टी की गुणवत्ता बनाए रखने के उपाय बताए गए। रबी मौसम में जल की उपलब्धता को ध्यान में रखते हुए चना, अलसी, सरसों एवं सूरजमुखी जैसी फसलों की खेती के लिए प्रेरित किया गया।इसके अतिरिक्त किसानों को टपक सिंचाई, फव्वारा सिंचाई एवं मिनी फव्वारा सिंचाई उपकरणों पर शासन द्वारा दिए जाने वाले अनुदान तथा उद्यानिकी विभाग के माध्यम से उपलब्ध फल, फूल एवं सब्जियों के बीजों की जानकारी दी गई।कार्यक्रम के अंत में कृषकों को नरवाई नहीं जलाने की शपथ दिलाई गई। किसानों ने संकल्प लिया कि वे फसल अवशेषों का उचित प्रबंधन करेंगे तथा अन्य किसानों को भी नरवाई जलाने से होने वाले नुकसान के प्रति जागरूक करेंगे।खेत बचाओ अभियान का उद्देश्य मिट्टी की उर्वरता एवं प्राकृतिक गुणवत्ता को संरक्षित करना, नरवाई जलाने पर रोक लगाना, जल संरक्षण को बढ़ावा देना तथा किसानों को टिकाऊ एवं लाभकारी कृषि पद्धतियां अपनाने के लिए प्रोत्साहित करना है।
मध्यप्रदेशसेहत
ग्राम कुड़ारी में खेत बचाओ अभियान के अंतर्गत कृषकों को दिया गया प्रशिक्षण
फटाफट में
फटाफट डेस्क · 23 अक्टूबर 2026 · पूरी खबर 3 मिनट