विकासखंड सिरमौर के ग्राम कमरहट में किसानों को नरवाई प्रबंधन के संबंध में जानकारी प्रदान की गई। इस दौरान किसानों को खेतों में नरवाई जलाने से होने वाले नुकसान, मिट्टी की उर्वरता में कमी आने, पर्यावरण प्रदूषण फैलने तथा भूमि की गुणवत्ता पर पड़ने वाले गंभीर दुष्प्रभावों के बारे में विस्तार से बताया गया। कार्यक्रम के दौरान किसानों को नरवाई प्रबंधन के लिए कई महत्वपूर्ण उपायों की जानकारी दी गई। किसानों से कहा गया कि वे नरवाई को खेत में बिल्कुल न जलाएं और इसके स्थान पर हैप्पी सीडर एवं सुपर सीडर मशीन से बोनी करें। इसके अलावा स्ट्रॉ रीपर और मल्चर मशीन का उपयोग करने, नरवाई से जैविक खाद तैयार करने तथा फसल अवशेषों को मिट्टी में मिलाकर भूमि की उर्वरता बढ़ाने की सलाह दी गई। इस पहल का मुख्य उद्देश्य पर्यावरण संरक्षण और मृदा स्वास्थ्य को बनाए रखना था, जिसके प्रति किसानों को जागरूक किया गया। अंत में किसानों से पुरजोर अपील की गई कि वे नरवाई न जलाएं, पर्यावरण बचाएं और मिट्टी की उर्वरता को सुरक्षित रखें।