भगवान बिरसामुंडा की 151 वीं जयंती एवं जनजातीय गौरव दिवस के पावन अवसर पर जिला मुख्यालय में भव्य रैली का आयोजन किया गया। राजराजेश्वरी किला वार्ड से आँगनतिराहा तक निकाली गई इस पदयात्रा का नेतृत्व प्रदेश की लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग की कैबिनेट मंत्री श्रीमती सम्पतिया उइके ने किया।
पदयात्रा का शुभारंभ राजराजेश्वरी किला वार्ड से हुआ। यात्रा के दौरान कैबिनेट मंत्री श्रीमती उइके एवं अन्य अतिथियों ने विभिन्न चौराहों पर स्थापित महापुरुषों की प्रतिमाओं पर माल्यार्पण कर उन्हें नमन किया। इनमें बुधवारी चौक स्थित शहीद भगत सिंह, उदय चौक स्थित शहीद उदयचंद, बड़ चौराहा स्थित डॉ. भीमराव अम्बेडकर, बैगा-बैगी चौक बैगा-बैगी की प्रतिमा तथा रेवांचल पार्क स्थित वीरांगना रानी दुर्गावती की प्रतिमा शामिल है। मार्ग में जगह-जगह नगरवासियों द्वारा रैली का भव्य स्वागत किया गया। अंत में आँगन तिराहा पहुँचकर भगवान बिरसा मुंडा की प्रतिमा पर माल्यार्पण के साथ रैली का समापन हुआ।
जनजातीय गौरव दिवस के इस आयोजन में भारी उत्साह देखने को मिला। पदयात्रा के दौरान कैबिनेट मंत्री श्रीमती सम्पतिया उइके तथा उपस्थित अन्य जनप्रतिनिधियों ने पारम्परिक वाद्ययंत्रों की धुन पर विद्यार्थियों के साथ नृत्य कर उनका उत्साहवर्धन किया।
इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष श्री संजय कुशराम, नगर पालिका अध्यक्ष श्री विनोद कछवाहा, श्री प्रफुल्ल मिश्रा, जिला पंचायत सदस्य श्री शैलेष मिश्रा, ग्राम पंचायत टिकरवारा की सरपंच श्रीमती श्रद्धा उइके सहित अन्य जनप्रतिनिधि मौजूद रहे। प्रशासनिक अधिकारियों में कलेक्टर श्री राहुल नामदेव धोटे, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री शिव कुमार वर्मा, अपर कलेक्टर श्रीमती सोनल सिडाम, एसडीएम मण्डला श्री शैलेंद्र चौधरी, जिला पंचायत के एसीईओ श्री विनोद मरावी सहित विभिन्न विभागों के जिला अधिकारी एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित थे।
