कलेक्टर श्री हरें द्र नारायन के निर्देशन में जिले में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता एवं शुद्धता सुनिश्चित करने के लिए खाद्य सुरक्षा विभाग द्वारा लगातार जांच अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में आज खाद्य सुरक्षा अधिकारियों की विभिन्न टीमों द्वारा चलित खाद्य प्रयोगशाला के माध्यम से जिले के छिंदवाड़ा, परासिया, उमरेठ, तामिया एवं पांढुर्णा क्षेत्र में मिठाई दुकानों एवं अन्य खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण कर खाद्य पदार्थों की स्पॉट टेस्टिंग की गई तथा विभिन्न खाद्य पदार्थों के नमूने संग्रहित किए गए।
उमरेठ क्षेत्र में मिठाई दुकानों का किया निरीक्षण - खाद्य सुरक्षा अधिकारी श्री पंकज घाघरे एवं श्री गोपेश मिश्रा की संयुक्त टीम चलित खाद्य प्रयोगशाला के साथ उमरेठ पहुंची। टीम द्वारा साहू होटल का निरीक्षण शुरू करते ही उमरेठ बाजार की मिठाई दुकानों के दुकानदारों ने अपनी दुकानें बंद कर दीं। इसके बाद टीम द्वारा साहू होटल, जैन होटल एवं महाराज होटल सहित अन्य प्रतिष्ठानों में मिठाइयों एवं खाद्य पदार्थों की चलित खाद्य प्रयोगशाला के माध्यम से स्पॉट टेस्टिंग की गई।
परासिया एवं ग्रामीण क्षेत्रों में भी हुई खाद्य पदार्थों की जांच - उमरेठ पहुंचने से पहले टीम द्वारा परासिया मुख्यालय में स्थित राजेश स्वीट्स, बीकानेर स्वीट्स, यदुवंशी डेली नीड्स, चांदामेटा स्थित पीयूष डेली नीड्स एवं गुप्ता मिष्ठान भंडार तथा परासिया स्थित श्री बालाजी राजपुरोहित स्वीट्स में मिठाइयों एवं अन्य खाद्य पदार्थों की स्पॉट टेस्टिंग की गई। इस दौरान पनीर, दूध, दही एवं अन्य मिठाइयों के नमूने संग्रहित करने की कार्रवाई भी की गई। इसके बाद टीम द्वारा ग्रामीण क्षेत्रों तालपिपरिया, मोरडोंगरी एवं सावरी में भी मिठाइयों एवं अन्य खाद्य पदार्थों का बारीकी से निरीक्षण कर चलित प्रयोगशाला के माध्यम से स्पॉट टेस्टिंग की गई। इसके अतिरिक्त इमलीखेड़ा स्थित मिठाई दुकानों की भी जांच की गई।
तामिया क्षेत्र में खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण - खाद्य सुरक्षा दल में शामिल खाद्य सुरक्षा अधिकारी श्रीमती संध्या मार्को द्वारा तामिया क्षेत्र में राजा स्वीट्स, गुप्ता होटल एवं करमा इंदौर सेव भंडार तथा पांडुपिपरिया क्षेत्र में केपिटल होटल, अंजनी भोजनालय, गुप्ता होटल एवं इंदौर सेव भंडार का निरीक्षण किया गया। इस दौरान खाद्य पदार्थों के नमूने भी संग्रहित किए गए।
खाद्य सुरक्षा विभाग द्वारा कलेक्टर के निर्देशन में जिले के विभिन्न क्षेत्रों में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता एवं शुद्धता की जांच के लिए निरीक्षण, स्पॉट टेस्टिंग एवं नमूना संग्रहण की कार्रवाई लगातार जारी रखी जा रही है।
