राज्यमंत्री दिलीप अहिरवार एवं विधायक राजेश शुक्ला ने हितग्राहियों को वितरित किए हितलाभ
140 आवेदनों पर हुई सुनवाई, 41 का मौके पर निराकरण, राजस्व संबंधी आवेदनों के निराकरण के लिए कलेक्टर ने दिए निर्देश
स्वामित्व योजना रजिस्ट्री में त्रुटि होने पर राजस्व अधिकारियों को सुधार करने के निर्देश
मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के अंतर्गत शुक्रवार को ईशानगर के शासकीय सांदीपनि विद्यालय परिसर में जिला स्तरीय शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का शुभारंभ वन एवं पर्यावरण राज्यमंत्री दिलीप अहिरवार एवं क्षेत्रीय विधायक राजेश शुक्ला ने किया। इस दौरान कलेक्टर मृणाल मीना, जिला पंचायत सीईओ नमः शिवाय अरजरिया, सरपंच निधि जलज मिश्रा सहित अन्य अधिकारी एवं जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।
शिविर में राज्यमंत्री श्री अहिरवार, विधायक एवं कलेक्टर ने ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं तथा विभिन्न शासकीय योजनाओं से संबंधित आवेदन प्राप्त किए। प्री-कैंप को मिलाकर कुल 140 आवेदनों पर सुनवाई की गई, जिनमें से 41 आवेदनों का निराकरण किया गया। राजस्व विभाग से संबंधित अधिक आवेदन प्राप्त होने पर कलेक्टर ने एसडीएम एवं तहसीलदार को प्राथमिकता के साथ आवेदनों का निराकरण सुनिश्चित करने के स्पष्ट निर्देश दिए।
कलेक्टर ने स्वामित्व योजना के अंतर्गत पूरी पारदर्शिता के साथ पटवारियों को रजिस्ट्री की प्रक्रिया पूर्ण कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि प्रक्रिया में किसी भी प्रकार की त्रुटि होने पर उसे तत्काल सुधारा जाए। वहीं एमपीईबी द्वारा विद्युत चोरी के संबंध में गलत प्रकरण बनाए जाने की शिकायतों पर आवेदन प्राप्त होने पर जांच कर उचित कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
विभिन्न योजनाओं से हितग्राहियों को मिला लाभ
शिविर में विभिन्न शासकीय योजनाओं के माध्यम से कुल 197 हितग्राहियों को मौके पर लाभान्वित किया गया। शिविर में मुख्यमंत्री लाड़ली लक्ष्मी योजना के 23, राजस्व विभाग के 25, पंचायत एवं ग्रामीण विकास के 29, सामाजिक न्याय विभाग के 19, श्रम विभाग के 15, स्वास्थ्य विभाग के 30, कृषि विभाग के 38, शिक्षा विभाग के 14 एवं लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग के 4 हितग्राहियों को लाभान्वित किया गया। इसके अलावा अतिथियों द्वारा स्कूली बच्चों को साइकिलों का वितरण भी किया गया। शिविर के माध्यम से ग्रामीणों को विभिन्न शासकीय योजनाओं का लाभ उपलब्ध कराने के साथ उनकी समस्याओं की सुनवाई कर त्वरित निराकरण की पहल की गई।
