आधुनिक कृषि तकनीकों को अपनाकर खेती को लाभ का व्यवसाय बनाया जा सकता है। ग्राम उमरदा निवासी कृषक एकनाथ रमेश पाटील ने केला टिश्यू कल्चर तकनीक अपनाकर अपनी खेती को नई दिशा दी है। कृषि विज्ञान केन्द्र सांडसकलां में आयोजित प्रशिक्षणों से मिली जानकारी और उद्यानिकी विभाग की योजना का लाभ लेकर उन्होंने केले की खेती में बेहतर उत्पादन प्राप्त किया और 14 लाख रुपये से अधिक की शुद्ध आय अर्जित की।विदित है कि, कृषि विज्ञान केन्द्र सांडसकलां में आयोजित विभिन्न प्रशिक्षण कार्यक्रमों के माध्यम से किसानों को आधुनिक कृषि तकनीकों, उत्पादन क्षमता बढ़ाने के उपायों, कीट प्रबंधन, उन्नत किस्मों तथा खेती की उपयोगी पद्धतियों की जानकारी दी जाती है। इन प्रशिक्षणों से किसानों को वैज्ञानिक तरीके से खेती करने और शासन की योजनाओं का लाभ लेने में मदद मिलती है। कृषक एकनाथ पाटील ने भी इन्हीं प्रशिक्षणों के माध्यम से एकीकृत बागवानी विकास मिशन एवं उद्यानिकी विभाग की योजनाओं की जानकारी प्राप्त की। इस दौरान केले की टिश्यू कल्चर ड्रिप रहित योजना से खेती करने की जानकारी ने उन्हें विशेष रूप से प्रभावित किया।योजना की जानकारी मिलने के बाद कृषक एकनाथ पाटील ने केला टिश्यू कल्चर रोपण के लिए आवेदन किया। उन्हें 2 हेक्टेयर क्षेत्र में केले की टिश्यू कल्चर खेती करने पर शासन की ओर से 1 लाख रुपये की अनुदान राशि प्राप्त हुई। आधुनिक तकनीक और वैज्ञानिक पद्धति से खेती करते हुए उन्होंने 2 हेक्टेयर क्षेत्र में लगभग 1700 क्विंटल केले का उत्पादन प्राप्त किया, जिससे उन्हें 14 लाख रुपये से अधिक की शुद्ध आय हुई।कृषक एकनाथ पाटील बताते हैं कि वे शुरुआत से ही खेती-किसानी के कार्य से जुड़े हैं। उनके खेतों में केला, कपास, मक्का और सोयाबीन जैसी फसलें उगाई जाती हैं। पहले वे केले की खेती के लिए पारंपरिक रूप से केले के कंदों का उपयोग करते थे। इससे उन्हें अपेक्षित उत्पादन नहीं मिल पाता था और पौधों में विभिन्न बीमारियां लगने की समस्या भी बनी रहती थी। बाद में उन्होंने केले की टिश्यू कल्चर ड्रिप रहित योजना के तहत तकनीकी अपनाई, जिससे उन्हें बेहतर उत्पादन और अच्छा आर्थिक लाभ मिलने लगा।कृषक एकनाथ पाटील के लिए कृषि विज्ञान केन्द्र के प्रशिक्षण, आधुनिक तकनीक और शासन की अनुदान योजना खेती में बदलाव का प्रभावी माध्यम बने हैं। उनका अनुभव बताता है कि वैज्ञानिक पद्धतियों को अपनाकर और शासन की योजनाओं का लाभ लेकर किसान अपनी आय बढ़ाने के साथ खेती को अधिक लाभकारी बना सकते हैं।

मध्यप्रदेशसफलता की कहानी
एकीकृत बागवानी विकास मिशन- केला टिश्यू कल्चर तकनीक से किसान बना लखपति
फटाफट में
फटाफट डेस्क · 15 अक्टूबर 2026 · पूरी खबर 3 मिनट