शासकीय विद्यालयों में बेहतर शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराने के उद्देश्य से संचालित शिक्षा संजीवनी अभियान के सकारात्मक परिणाम सामने आ रहे हैं। इसी क्रम में कलेक्टर डॉ. सौरभ सोनवणे के मार्गदर्शन में जनपद पंचायत चिचोली की ग्राम पंचायत ऊंचागोहान में शाला भवनों के कायाकल्प का कार्य किया गया है। ग्राम पंचायत क्षेत्र के छह शाला भवनों की मरम्मत एवं आवश्यक सुधार कार्य कर उन्हें विद्यार्थियों के अध्ययन-अध्यापन के अनुकूल बनाया गया है।

शिक्षा संजीवनी अभियान के तहत ग्राम पंचायत ऊंचागोहान क्षेत्र में स्थित सभी शाला भवनों का सहायक यंत्री एवं उपयंत्री सहित तकनीकी दल द्वारा निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान भवनों की स्थिति का आकलन कर उनके जीर्णोद्धार के लिए कार्ययोजना तैयार की गई। जनपद पंचायत चिचोली की मुख्य कार्यपालन अधिकारी तथा सर्व शिक्षा अभियान के तकनीकी दल के मार्गदर्शन में आवश्यक मरम्मत कार्य कराए गए।

मरम्मत एवं रंगाई-पुताई से संवरे विद्यालय भवन

ग्राम पंचायत ऊंचागोहान के अंतर्गत कुल छह शालाएं संचालित हैं, जिनमें चार प्राथमिक शाला एवं दो माध्यमिक शाला भवन शामिल हैं। इन शाला भवनों में आवश्यकतानुसार प्लास्टर, पुट्टी, वाटरप्रूफिंग, ऑयल पेंट, टाइल्स लगाने तथा खिड़की, दरवाजे और शटर गेट बदलने जैसे कार्य कराए गए। साथ ही भवनों की रंगाई-पुताई एवं अन्य जरूरी सुधार कार्यों के माध्यम से विद्यालयों को व्यवस्थित और अध्ययन-अध्यापन के लिए अनुकूल बनाया गया है।

जनसहयोग से प्राथमिक शालाओं में उपलब्ध कराईं डेस्क-बेंच

शाला भवनों की मरम्मत के साथ ही विद्यार्थियों की बैठक व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए भी पहल की गई। ग्राम पंचायत के शासकीय कर्मचारियों की बैठक में निर्णय लिया गया कि प्राथमिक शालाओं में बच्चों के बैठने के लिए डेस्क-बेंच की व्यवस्था की जाएगी। सरपंच एवं ग्राम पंचायत सचिव की अध्यक्षता में हुई बैठक में कर्मचारियों ने इस कार्य में सहयोग करने का संकल्प लिया। इस पहल के परिणामस्वरूप प्राथमिक शाला धौल एवं प्राथमिक शाला कड़वाढाना के विद्यार्थियों के लिए जनसहयोग से डेस्क-बेंच उपलब्ध कराई गईं।