स्वामित्व योजना के अंतर्गत ग्रामीणों को आबादी भूमि के प्लाटों की निःशुल्क रजिस्ट्री कराकर पंजीयन दस्तावेज उपलब्ध कराने का कार्य बालाघाट जिले में तेजी से किया जा रहा है। कलेक्टर श्री आदित्य सिंह के निर्देश पर जिले के सभी 1104 गांवों में 25 से 31 अक्टूबर तक विशेष शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। इन शिविरों के माध्यम से आबादी भूमि के प्लाटों की रजिस्ट्री कर हितग्राहियों को दस्तावेज वितरित किए जाएंगे। अपर कलेक्टर श्री डी.पी. बर्मन ने बताया कि जिले की सभी 12 तहसीलों के 1104 गांवों में 503 पटवारियों द्वारा विशेष शिविर लगाए जा रहे हैं। यह अभियान 31 अक्टूबर तक लगातार जारी रहेगा। इसका उद्देश्य स्वामित्व योजना के अंतर्गत आबादी भूमि के प्लाटों की रजिस्ट्री का कार्य पूरा कर पात्र हितग्राहियों को उनके स्वामित्व संबंधी दस्तावेज उपलब्ध कराना है।
उन्होंने बताया कि बालाघाट जिले में स्वामित्व योजना के तहत आबादी भूमि के कुल 01 लाख 43 हजार 488 प्लाट हैं। इन प्लाटों की निःशुल्क रजिस्ट्री कर 2 लाख 82 हजार 747 हितग्राहियों को पंजीयन दस्तावेज वितरित किए जाने हैं। अपर कलेक्टर श्री बर्मन ने बताया कि 25 अक्टूबर को दोपहर 3 बजे तक जिले में 15 हजार 274 रजिस्ट्री दस्तावेज हितग्राहियों को वितरित किए जा चुके हैं। शेष हितग्राहियों को दस्तावेज उपलब्ध कराने के लिए सभी गांवों में विशेष शिविरों के माध्यम से कार्य किया जा रहा है। स्वामित्व योजना के तहत आबादी भूमि की निःशुल्क रजिस्ट्री होने से ग्रामीणों को अपनी संपत्ति के स्वामित्व संबंधी दस्तावेज प्राप्त होंगे। इससे संपत्ति के अधिकारों का अभिलेखीकरण सुनिश्चित होने के साथ ही भविष्य में भूमि संबंधी विवादों के निराकरण में भी सहायता मिलेगी।